सक्ती वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर विस्फोट में 11 की मौत, 20 से अधिक घायल

0

सक्ती। छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि अंतर्गत सिंघीतराई गांव स्थित इस प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या 11 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 20 से अधिक घायल मजदूरों का इलाज रायगढ़ के जिंदल फॉर्टिस अस्पताल में जारी है, जिनमें कई की हालत गंभीर है।

हादसा इतना भयावह था कि विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात को नियंत्रण में लेने के प्रयास शुरू किए गए। फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और जांच जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जतायी है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।