चम्पावत। उत्तराखंड के चम्पावत जिले के टनकपुर क्षेत्र में दो महिलाओं से कथित दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक जूता दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार 33 वर्षीय महिला ने सोमवार को टनकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बस स्टेशन के पास जूते की दुकान चलाने वाले शहंशाह (50) ने उसे और एक अन्य महिला को काम पर रखा था। जब दोनों महिलाओं ने मजदूरी की मांग की तो आरोपी ने उनके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया।
महिलाओं द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल कर परिवार को बदनाम करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (रेप) और 352(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया।
टनकपुर थाना प्रभारी चेतन रावत ने बताया कि आरोपी शहंशाह, निवासी मस्जिद कॉलोनी, टनकपुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



