वाशिंगटन। अमरीकी नौसेना प्रमुख जॉन फेलन ने त्यागपत्र दे दिया है। इसकी जानकारी अमरीका के युद्ध विभाग ने दी। विभाग ने बुधवार को एक बयान में कहा कि नौसेना प्रमुख जॉन सी फेलन तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। बयान में कहा गया है कि उप प्रमुख हंग काओ नौसेना के कार्यवाहक प्रमुख के रूप में सेवा देंगे।
एक्सियोस समाचार पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार फेलन की विदाई कई लोगों के लिए आश्चर्यजनक रही। उनके संबंध युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के साथ ठीक नहीं थे, लेकिन कथित तौर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके संबंध अच्छे थे।
समाचार पोर्टल ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि फेलन यह नहीं समझ पाए कि वह सर्वोच्च अधिकारी नहीं थे। उनका काम दिए गए आदेशों का पालन करना है, न कि उन आदेशों का पालन करना जो उनके अनुसार दिए जाने चाहिए।
फेलन ने मंगलवार को नौसेना के भविष्य और गोल्डन फ्लीट पहल सहित इसके प्रमुख निवेशों पर चर्चा करने के लिए संवाददाताओं से बात की थी। फेलन का त्यागपत्र एक महत्वपूर्ण मोड़ पर आया है।
अमरीकी नौसेना ने 13 अप्रैल को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के दोनों ओर ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले सभी समुद्री यातायात की घेराबंदी शुरू कर दी है। दुनिया के तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और तरल प्राकृतिक गैस की आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है।
अमरीका का कहना है कि गैर-ईरानी जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिये स्वतंत्र हैं, जब तक कि वे तेहरान को मार्ग कर नहीं देते। ईरानी अधिकारियों ने मार्ग कर लगाने की घोषणा नहीं की है, लेकिन ऐसी योजनाओं पर चर्चा की है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की अमरीकी घेराबंदी को एक जबरदस्त सफलता बताया है और कहा है कि वाशिंगटन तब तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलेगा, जब तक कि उसके पास अंतिम समझौता न हो।



