झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के पंचेरी कला थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो भाइयों में हुए विवाद के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी।
थाना अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि रसूलपुर गांव का अनूप (35) दिल्ली में एक लोहे की कम्पनी में काम करता है। वह छुट्टी लेकर घर आया था। वह मध्याह्न करीब 12 बजे अपने चचेरे भाई कृष्ण कुमार के घर गया, जहां वह खाना खाकर अपने घर चला आया। इस बात पर उसका छोटा भाई अजीत नाराज हो गया और उससे झगड़ा करने लगा।
उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर अजीत ने अनूप पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में बुहाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपी छोटे भाई की तलाश में जुटी है।
किशोरी से रेप करने के दोषी को 20 वर्ष का कारावास
झुंझुनूं के यौन अपराध बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम मामलों के विशेष न्यायालय ने किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपी को गुरूवार को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
न्यायालय ने अभियुक्त को किशोरी से दुष्कर्म करने का दोषी मानते हुए उस पर 60 हजार रुपये का जुर्माना भी किया। मामले के अनुसार वर्ष 2024 में अभियुक्त किशोरी को डरा धमकाकर जबरन अपने साथ ले गया और एक घर में उसे बंधक बनाकर उससे कई बार दुष्कर्म किया।



