पन्ना में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी अरेस्ट

0

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में विगत 29 अप्रैल को नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आज नगर में उनका जुलूस निकाला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता अपने एक मित्र से मिलने गई थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता के साथी युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन भी लूट ली गई। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर उसके सामने ही नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आज गुरुवार को देवेंद्रनगर की सड़कों पर पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि ऐसे अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।