अभिनेत्री सेलिना जेटली ने पति के खिलाफ दर्ज कराया क्रूरता एवं उत्पीड़न का केस

0

मुंबई। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस इंडिया सेलिना जेटली के पति ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ क्रूरता और उत्पीड़न के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।

जेटली की कानूनी टीम ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 के तहत दर्ज की गई है। इसमें शारीरिक नुकसान पहुंचाना, आपराधिक धमकी, क्रूरता और उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

इसके साथ ही, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत भी कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि जांच में सहयोग न करने के कारण मुंबई पुलिस ने पीटर हाग के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया है, हालांकि इस पर पुलिस का आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है।

जेटली का पक्ष करंजावाला एंड कंपनी की कानूनी टीम रख रही है, जिसमें अधिवक्ता संदीप कपूर, निहारिका करंजावाला मिश्रा और रीतिम वोहरा आहूजा शामिल हैं। वहीं, पीटर हाग का प्रतिनिधित्व ‘सीएमएस इंडसलॉ’ की टीम कर रही है। फिलहाल इन आरोपों पर हाग या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।