मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादीशुदा युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी है। घटना बीजधारी थाना क्षेत्र के बथना पाण्डेय टोला गांव की है। मृतका की पहचान सपना (20) के रूप में हुई है, जिसकी शादी 28 अप्रैल को हुई थी।
परिजनों ने बताया कि गांव का ही रहने वाला जगदीश कुमार लंबे समय से सपना पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती उसे पसंद नहीं करती थी। आरोप है कि युवक अक्सर उसे धमकी देता था कि अगर सपना मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शादी के 18 दिन बाद सपना पहली बार मायके आई थी। शनिवार की शाम वह अपनी भाभी और एक अन्य महिला के साथ खेत की ओर गई थी, उसी समय सुनसान इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने सपना को पकड़ लिया और गमछे से उसका गला घोंट दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका की भाभी मुन्नी देवी ने बताया कि आरोपी झाड़ियों में छिपकर सपना का इंतजार कर रहा था। उसने अचानक हमला कर सपना को खींच लिया और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी।
बीजधारी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई गई है। आरोपी की मां बबीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



