प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के आरोप में अजय राय के खिलाफ मुकदमा

0

महोबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय तथा उनके सहयोगियों के खिलाफ महोबा पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली में भाजपा कार्यकर्ता नीरज रावत की तहरीर पर कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राय शुक्रवार को प्रशासन को पूर्व सूचना दिए बिना महोबा पहुंचे और मुख्यालय स्थित सिंह वाहिनी नगर (समद नगर) में अपहरण एवं गैंगरेप की शिकार नीट छात्रा तथा उसके परिजनों से मुलाकात की।

तहरीर के अनुसार अजय राय के काफिले के कारण नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित तौर पर अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुईं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, सचिव ब्रजराज सिंह अहिरवार तथा 25 से 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अजय राय के कथित बयान को लेकर महोबा में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता और मोदी समर्थक सड़कों पर उतर आए थे, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि, विवाद बढ़ने पर अजय राय ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को भाजपा द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से तैयार किया गया बताते हुए इसे उन्हें बदनाम करने की साजिश करार दिया।