भोपाल। मध्यप्रदेश में भोपाल के बहुचर्चित एक्ट्रेस एवं मॉडल त्विषा शर्मा मौत मामले में आरोपी एवं त्विषा के पति समर्थ सिंह को अदालत ने सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरीवाला सिंह के पुत्र समर्थ को शुक्रवार को यहां जिला न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए समर्थ की हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया और उसे सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
भोपाल जिला न्यायालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अनूदित गुप्ता की अदालत में अपराह्न करीब तीन बजे समर्थ को पेश किया गया। सुनवाई के दौरान त्विषा के परिजन अपने अधिवक्ताओं के साथ न्यायालय में मौजूद थे। आरोपी समर्थ की पैरवी करने के लिए काफी संख्या में अधिवक्ता न्यायालय परिसर में उपस्थित रहे।
मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस आरोपी को सामान्य मार्ग से न्यायालय में पेश न करते हुए पीछे के द्वार लेकर आई।
सुनवाई पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः पुलिस सुरक्षा में बंदी गृह तक ले जाया गया, जहां से पुलिस उसे कटारा हिल्स थाना लेकर गई। इस दौरान कटारा हिल्स के सहायक पुलिस अधीक्षक (एसीपी) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे।



