मधुबनी स्टेशन पर खड़ी अन्त्योदय ट्रेन की बोगी में आग, एक बोगी जलकर नष्ट

0
AI से बनी फोटो : मधुबनी स्टेशन पर खड़ी अन्त्योदय ट्रेन की बोगी में आग

मधुबनी। बिहार में मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह प्लेटफार्म संख्या-03 पर खड़ी साप्ताहिक अन्त्योदय ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई।

रेल पुलिस सूत्रों ने बताया कि ट्रेन आज उधना के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान सुबह एक बोगी से धुआं निकलता देखा गया, जो कुछ ही देर में भीषण आग में बदल गया। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक संबंधित बोगी पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।

सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे प्लेटफार्म क्षेत्र को खाली करा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश, रेलवे कमांडेंट आशीष कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

डीआरएम ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएल) टीम को बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।