केवल सिंह ढिल्लों पंजाब भाजपा के नए अध्यक्ष नियुक्त

0

चंडीगढ़/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए पूर्व विधायक सरदार केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन वर्षीय कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। हालांकि, पार्टी सूत्रों का कहना है कि जाखड़ 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

ढिल्लो (75) बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव से संबंध रखते हैं। वह 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत हेयर से हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने जून 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद उन्हें पंजाब भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ लंबे समय से पंजाब भाजपा की कमान किसी सिख चेहरे को देने के पक्ष में थे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पंजाब प्रभारी मंत्री श्रीनिवासलु भी ढिल्लों के नाम का समर्थन कर रहे थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पंजाब में पार्टी कार्यक्रमों के दौरान सिख नेतृत्व को आगे लाने पर जोर दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाने वाले ढिल्लों को मालवा क्षेत्र में कैप्टन सिंह समर्थकों के बीच मजबूत पकड़ वाला नेता माना जाता है। पार्टी को उम्मीद है कि कांग्रेस में लंबे राजनीतिक अनुभव के चलते वह 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने में मदद करेंगे।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में मंजीत सिंह राय, जगमोहन राजू, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के नाम भी चर्चा में थे।