कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय को गुरुवार को उस समय अपने ही संसदीय क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ा जब लोगों के एक समूह ने निमटा में कथित तौर पर उन्हें घेर लिया तथा चोर-चोर के नारे लगाए और उनके काफिले पर अंडे फेंके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रॉय विधानसभा चुनाव के बाद गुरुवार को अपने क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपने के लिए उत्तरी 24 परगना स्थित निमता थाने गए थे। जब वह थाने से बाहर निकल रहे थे, तो बाहर लोगों का एक समूह इकट्ठा हो गया और उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने नारे लगाए गए और कथित तौर पर उनकी ओर अंडे फेंके गए, हालांकि अंडे सांसद को नहीं लगे, लेकिन बताया जा रहा है कि एक अंडा उनके वाहन पर जा लगा।
रॉय ने दावा किया कि इस विरोध प्रदर्शन और हमले के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जानबूझकर यह प्रदर्शन किया था। भाजपा ने हालांकि इस घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि पार्टी न तो ऐसे कार्यों का समर्थन करती है और न ही इसमें शामिल है। साथ ही, उन्होंने इस घटना को अवांछनीय, लेकिन असामान्य नहीं बताया।



