पश्चिम बंगाल में अगले सप्ताह भाजपा के मंत्रिमंडल का हो सकता है विस्तार

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले सप्ताह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के मंत्रिमंडल का पूर्ण विस्तार होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पदभार ग्रहण करने के लगभग तीन सप्ताह बाद वह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं।

राज्य प्रशासन और भाजपा के सूत्रों के अनुसार मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने और विभागों के बंटवारे की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राजनीतिक तथा क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस संबंध में कई दौर की बैठकों और विचार-विमर्श के बाद अब निर्णय लगभग तय माना जा रहा है। अगर कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होता है, तो शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को होने की उम्मीद है, जिसमें नए मंत्रिमंडल में 33 सदस्य को शामिल करने की संभावना है।

राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद से हफ्तों से चल रही अटकलों के बाद यह विस्तार हो रहा है। गत नौ मई को शपथ ग्रहण करने के बाद से श्री अधिकारी पांच मंत्रियों की एक अंतरिम परिषद-दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशिथ प्रमाणिक और क्षुदिराम टुडू की सहायता से राज्य के 54 विभागों में से 42 विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद नए मंत्रियों के नामों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। इस पर जल्द ही केन्द्र से एक महत्वपूर्ण सूचना आने की उम्मीद है, जिसके बाद वरिष्ठ भाजपा नेता शेष विवरणों को अंतिम रूप देने के लिए कई बैठकें करेंगे। अनुमान के मुताबिक प्रस्तावित मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं और नए चेहरों का मिश्रण होने की उम्मीद है।

उत्तर बंगाल, जंगलमहल और शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया जा रहा है, साथ ही विस्तारित मंत्रिमंडल में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण स्थान मिलने की उम्मीद है। हाल के दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा तेज हुई है। अधिकारी और राज्यपाल आरएन रवि के बीच परामर्श की खबरें आ रही हैं। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी चल रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक अधिकारी को गृह और वित्त मंत्रालय के महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो मिलने की उम्मीद है, जबकि बाकी विभागों का बंटवारा नव नियुक्त मंत्रियों और मौजूदा मंत्रियों के बीच किया जाएगा।

भाजपा के जिन विधायकों के नाम मंत्री पद के लिए विचाराधीन बताए जा रहे हैं, उनमें स्वपन दासगुप्ता, तापस रॉय, शंकर घोष, इंद्रनील खान और शरदवत मुखर्जी शामिल हैं, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी नजर टिकी है, क्योंकि इससे पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा सरकार की शासन संबंधी प्राथमिकताओं और राजनीतिक रणनीति का पहला स्पष्ट संकेत मिलने की उम्मीद है।