प्रयागराज : पेट्रोल पंप पर खड़ी महिला की अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर मौके पर मौत

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित कांटी गांव के पास एचपी पेट्रोल पंप पर शनिवार देर शाम को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।मृतका की पहचान श्यामकली (55 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय रोहिणी प्रसाद के रूप में हुई है। वह ग्राम सोहागी खरखौनी, पोस्ट सोहागी, तहसील त्योंथर, थाना सोहागी, जनपद रीवा (मध्य प्रदेश) की निवासी थीं। श्यामकली अपने देवर के साथ किसी कार्य से प्रयागराज आई थीं। देर शाम लौटते समय उनका वाहन घूरपुर क्षेत्र स्थित कांटी के एचपी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुका था।

बताया जा रहा है कि श्यामकली के देवर वाहन में पेट्रोल भरवा रहे थे, जबकि श्यामकली वाहन से उतरकर पेट्रोल पंप परिसर के एक किनारे बैठ गई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात चारपहिया वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक पेट्रोल पंप परिसर में प्रवेश कर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और सीधे वहां बैठी श्यामकली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामकली गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक घायल महिला की सहायता करने के बजाय वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पेट्रोल पंप परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।