कोलकाता। पश्चिम बंगाल की शुभेन्दु अधिकारी सरकार ने सत्ता संभालने के एक महीने के भीतर सोमवार को अपना पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार किया । इसमें 35 नये मंत्रियों को शामिल किया गया है और इसके साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कुल मंत्रियों की संख्या 41 हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री के साथ पांच अन्य मंत्रियों ने शपथ ली थी।
शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया था, जहां राज्यपाल आर. एन. रवि ने नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज शपथ लेने वालों में 13 कैबिनेट मंत्री, 19 राज्य मंत्री और तीन स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री शामिल हैं।
शपथ लेने वालों में तापस रॉय (मानिकतला), दीपक बर्मन (फालाकाटा), जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (सूरी), रद्वत मुखोपाध्याय (राजारहाट-न्यू टाउन), स्वपन दासगुप्ता (रासबिहारी), श्री सजल घोष (बारानगर), श्री शंकर घोष (सिलीगुड़ी), अर्जुन सिंह (नोआपारा), अशोक डिंडा (मयना), इंद्रनील खान (बेहाला पश्चिम), सुश्री मालती रावा रॉय (तूफानगंज) और श्री राजेश महतो (गोपीबल्लभपुर) के साथ कई अन्य विधायक शामिल हैं। औसग्राम की कलिता माझी और कांदी की गार्गी घोष दास ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
कैबिनेट रैंक के मंत्रियों में दीपक बर्मन, तापस रॉय, शंकर घोष, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, दूधकुमार मंडल, अजय पोद्दार और अरूप कुमार दास शामिल हैं। इंद्रनील खान, मालती रावा रॉय और राजेश महतो को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
राज्य मंत्रियों की सूची में जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नादियाचंद बाउरी, बिशाल लामा, दिवाकर घरामी, शांतनु प्रमाणिक, पूर्णिमा चक्रवर्ती, मौमिता बिस्वास मिश्रा, गार्गी घोष दास, उमेश राय, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, कलिता माझी, बिराज बिस्वास, दीपांकर जेना, सुमाना सरकार और अमिया किस्कू शामिल हैं।
चार मई को घोषित चुनाव परिणामों में पार्टी ने राज्य विधानसभा की 294 सीटों में से 208 सीटों पर जीत हासिल की थी। अधिकारी ने नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने भी शपथ ली थी।



