मुंबई में मेट्रो ट्रेन की लिफ्ट में छेड़छाड़ मामला : गीतांजलि एक्सप्रेस ट्रेन से आरोपी अरेस्ट

0

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के कांदिवली इलाके में स्थित धनुकरवाड़ी स्टेशन पर मुंबई मेट्रो ट्रेन की लिफ्ट के अंदर 17 साल की किशोरी से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में 44 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि कांदिवली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान डोनी सरकार के रूप में हुई है। उसे पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा रहे गीतांजलि एक्सप्रेस ट्रेन से तब पकड़ा गया जब उसकी ट्रेन छत्तीसगढ़ के रायपुर जंक्शन पर रुकी थी।

पुलिस के अनुसार यह घटना 29 मई को सुबह करीब 11.50 बजे घटी थी। आरोपी पहले से ही येलो लाइन स्टेशन पर लिफ्ट के अंदर मौजूद था। जब किशोरी अकेली लिफ्ट में दाखिल हुई और दरवाज़े बंद हो गए, तो उसने कथित तौर पर किशोरी से छेड़छाड़ की। इससे डरकर लड़की ने मदद के लिए मेट्रो कर्मचारियों से संपर्क किया और बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एक मामला दर्ज किया गया।

महा मुंबई मेट्रो संचालन निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की और जांच के लिए पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी शहर से फरार हो गया था और कथित तौर पर अपने गृह नगर पश्चिम बंगाल भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।