बिलासपुर : चरित्र संदेह में बाउंसर की हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला

0

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंधों को लेकर उपजे विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है।

पुलिस ने मृतक की पहचान पथर्रा गांव निवासी निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर शहर के एक बार में बाउंसर का काम करता था। पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार घटना अमने मोड़ के पास की है, जहां निखिल अपने दो परिचितों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निखिल ने उनमें से एक युवक को पहचान कर आवाज लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल के चेहरे और आंखों में मिर्च पाउडर फेंका। अचानक हुए हमले से निखिल असहाय हो गया। इसी बीच निखिल के साथ मौजूद दोनों युवक वहां से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने निखिल पर जानलेवा हमला कर दिया।

बताया गया है कि हमलावरों ने पास में पड़े एक बड़े पत्थर से निखिल के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह सहित कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच कथित संबंधों का संदेह था। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका तथा पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।