अमेठी में कच्ची दीवार के मलबे में दब कर मां-बेटी की मौत

0

अमेठी। अमेठी में शनिवार की सुबह एक दिल को झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। जहां रात में सो रहे दलित परिवार पर कच्ची दीवार गिर गई और उसके मलबे में दब कर मां-बेटी की मौत हो गई। साथ में सो रहे एक अन्य मासूम बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है जिसका इलाज जिला अस्पताल अमेठी में चल रहा है।

राहत और बचाव के लिए राजस्व टीम मौके पर नहीं पहुंची। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा करवा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। जिले में जामों थाना क्षेत्र के पूरे परमेश्र्वरी घाटमपुर गांव में ओमप्रकाश की 35 वर्षीय पत्नी कमलेश कुमारी अपने बच्चों के साथ घर के सामने सो रही थी। भोर में अचानक कच्ची दीवाल भरभराकर उसके ऊपर गिर गई।जिसमें कमलेश कुमारी 35 और उसकी सात वर्षीय बेटी आँशी सहित नौ वर्षीय दिपाँशू मलवे में दब गए।अचानक दिवाल गिरते ही और बगल में सो रहे बच्चे चिल्लाने लगे।

परिजनों और गांव वालों ने तत्काल महिला और दोनों बच्चों को मलवे से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र जामों ले गए। जहां चिकित्सकों ने मां बेटी को मृत घोषित कर दिया।वही तीसरे घायल बच्चे को प्राथमिक इलाज के बाद जिला चिकित्सालय भेज दिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

पूरे मामले में प्रभारी निरीक्षक जामों विनोद सिंह ने बताया मृतकों का पंचनामा करवा कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट हेतु भेज दिया गया है।पूरे मामले में एडीएम राजस्व एवं वित्त ज्योति सिंह के सीयूजी नंबर कई बार कॉल किया गया उनकी तरफ से कोई रिस्पांस नहीं मिला।

वही पूरे मामले में उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी ने बताया कि नायब तहसीलदार जामों को मौके पर भेजा गया है। बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े हादसे के बाद भी मौके पर कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा।