तेहरान/तेल अवीव। पश्चिम एशिया में दो महीने पहले लागू हुआ युद्धविराम सोमवार तड़के पूरी तरह टूट गया, जब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और ईरान ने इजराइल पर चौतरफा मिसाइल हमले किए।
सोमवार सुबह यमन के हूती विद्रोहियों और ईरान की ओर से मध्य, दक्षिणी और उत्तरी इजरायल को निशाना बनाकर सिलसिलेवार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इस अचानक हुए हमले के बाद तेल अवीव, यरूशलेम और उत्तरी इजरायल के इलाकों में सुरक्षा सायरन गूंज उठे, जिससे नागरिकों को तुरंत बम शेल्टरों (बंकरों) में शरण लेनी पड़ी।
इस हमले के दौरान वेस्ट बैंक की एक यहूदी बस्ती में मिसाइल का मलबा गिरने से कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी नागरिक के घायल होने की खबर नहीं है। हमले के कुछ ही समय बाद यमन के हूती विद्रोहियों ने इस सैन्य अभियान की आधिकारिक जिम्मेदारी ली। हूतियों ने बयान जारी कर दावा किया कि उन्होंने तेल अवीव क्षेत्र में इजराइली दुश्मन के संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइलों की बौछार की है।
इसके साथ ही हूती समूह ने इजराइल को चौतरफा घेरने के इरादे से सामरिक रूप से महत्वपूर्ण लाल सागर (रेड सी) में इजराइली जहाजों के नौवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी और कहा कि वे इस क्षेत्र में दुश्मन की हर गतिविधि को अपना वैध सैन्य निशाना मानेंगे।
वहीं इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने आधिकारिक बयान जारी कर हूतियों के दावों को खारिज किया। इजराइल ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह मुस्तैद थी और उसने यमन व ईरान की ओर से दागी गईं सभी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है। इजराइल ने स्पष्ट किया कि यमन की ओर से केवल एक मिसाइल दागी गई थी, जिसे सीमा में प्रवेश करने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।



