कोलकाता। पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और बिधाननगर नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सब्यसाची दत्ता पर रविवार को उनके पूर्व वार्ड कार्यालय में तलाशी अभियान के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने अंडे फेंके।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दत्ता को जबरन वसूली के एक मामले में दोपहर उनके कार्यालय ले जाया गया। यह उनके खिलाफ चल रही एक जांच का हिस्सा था, जिसमें उन्हें हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। दत्ता पहले वार्ड के पार्षद रह चुके हैं। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में कार्यालय की तलाशी ली।
अभियान के दौरान परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई। तलाशी के बाद जब दत्ता कार्यालय से बाहर निकले, तो कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेंके। पुलिसकर्मियों ने तुरंत दखल दिया और उन्हें इलाके से दूर ले जाने से पहले तेजी से एक पुलिस गाड़ी में बिठाया। गौरतलब है कि एक सप्ताह से भी कम समय में दत्ता से जुड़ी यह दूसरी ऐसी घटना है।
उन्हें मंगलवार को जब गिरफ्तारी के बाद अदालत ले जाया जा रहा था, तो लोगों के एक समूह ने उन पर अंडे फेंके। दत्ता को बिधाननगर उत्तर पुलिस ने साल्ट लेक के एक व्यावसायी द्वारा लगाए गए जबरन वसूली और आपराधिक धमकी के आरोपों के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। शिकायत के मुताबिक व्यवसायी पर बड़ी रकम देने का दबाव डाला गया और मांगें पूरी न करने पर उसे धमकाया गया।



