चेन्नई। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतउल्लाह शाहिदी को भारत के खिलाफ शनिवार को चेन्नई में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा।
शाहिदी को खिलाड़ियों और प्लेयर सपोर्ट पर्सनल के अनुच्छेद 2.10.10 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है जो कि बल्लेबाज़ द्वारा जानबूझकर या टाले जा सकने वाले तरीके से पिच को नुक़सान पहुंचाने से संबंधित है। पिछले 24 महीनों में शाहिदी का पहला अपराध देखते हुए उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
शाहिदी को पिच पर दौड़ने के लिए दो बार अनौपचारिक रूप से चेतावनी दी गई थी। इसके बाद जब उन्होंने इसे दोहराया तो उन्हें 31वें ओवर में औपचारिक रूप से चेतावनी दी गई। इसके बावजूद 40वें ओवर की अंतिम गेंद पर वह पिच पर दौड़ गए। मैदानी अंपायरों ने उस गेंद पर लिए गए एक रन को अमान्य कर दिया और अफगानिस्तान पर पांच रनों की पेनल्टी लग गई। इसके चलते भारत ने 219 की चेज को 5-0 के स्कोर के साथ शुरू किया।
शाहिदी ने अपनी गलती स्वीकार ली और मैच रेफरी रंजन मदुगले द्वारा दी गई सजा को भी स्वीकार लिया जिसके चलते औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी। ऑनफ़ील्ड अंपायर क्रिस गैफनी और रोहन पंडित, तीसरे अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और चौथे अंपायर विरेंद्र शर्मा ने शाहिदी पर यह आरोप लगाया था।



