औरंगाबाद : 15 फीट गहरी नहर में गिरी स्कूल मैजिक वैन, 13 बच्चे घायल

0

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक स्कूल मैजिक वैन के 15 फीट गहरी नहर में गिर जाने से 13 स्कूली बच्चे घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि संत जेवियर हाई स्कूल, अंबा की बच्चों को लेकर जा रही एक मैजिक वैन अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर तमसी मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी नहर में गिर गई। इस हादसे में 13 स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वैन सुबह कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। तमसी मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद मैजिक वैन सड़क से नीचे नहर में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।