‘मैं वापस आऊंगा’ देखकर भावुक हुईं कृति खरबंदा

2

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति खरबंदा ने इम्तियाज़ अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा देखने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि इस फिल्म ने उन्हें अपने दिवंगत दादाजी और नानाजी की याद दिला दी तथा ‘घर’ के मायने उनके लिए पूरी तरह बदल दिए।

कृति ने अपने संदेश में लिखा कि फिल्म ने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया और पिछली पीढ़ियों के त्याग तथा संघर्ष को नए नजरिये से सोचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उस जमीन को सामान्य मान लेते हैं, जिस पर वे खड़े हैं, जबकि वहां तक पहुंचने के लिए किसी ने अपनी पूरी दुनिया पीछे छोड़ दी होती है।उन्होंने इम्तियाज़ अली की सराहना करते हुए लिखा, आपकी फिल्में अक्सर घर जैसी लगती हैं। इस बार घर नहीं मिला… इस बार घर की याद मिल गई।

कृति ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि घर केवल वह जगह नहीं है जहां हम रहते हैं, बल्कि वह भावना भी है जहां शायद हम कभी लौट नहीं पाते। कृति ने फिल्म की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक आम इंसान को नायक के रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपना संदेश अपने दादाजी, नानाजी और उन जैसे सभी आम लोगों को समर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।