सोनी सब का नया फैमिली सिटकॉम ‘चुडैल चली ससुराल’ जल्द होगा शुरू

2

मुंबई। सोनी सब ने अपने नए फैमिली सिटकॉम ‘चुडैल चली ससुराल’ की घोषणा की है। फैंटेसी, कॉमेडी और पारिवारिक ड्रामा पर आधारित इस शो में अभिनेत्री हिबा नवाब, राखी विजन और अधिक मेहता मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह शो जादुई दुनिया और आम पारिवारिक जीवन के दिलचस्प मेल के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेगा।

शो की कहानी उर्वशी (हिबा नवाब) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक दयालु चुड़ैल है और प्यार के लिए अपनी जादुई दुनिया छोड़कर आरव पटेल (अधिक मेहता) के साथ नई जिंदगी शुरू करती है। इंसानी परिवार में सामंजस्य बैठाने की उसकी कोशिशें कई हास्यास्पद और अप्रत्याशित परिस्थितियां पैदा करती हैं। वहीं कामिनी (राखी विजन) एक शक्तिशाली चुड़ैल के रूप में उर्वशी के फैसले का विरोध करती है, जिससे जादू और पारिवारिक जीवन के बीच टकराव की रोचक कहानी सामने आती है।

हिबा नवाब ने कहा कि जैसे ही उन्होंने शो की कहानी सुनी, उन्हें विश्वास हो गया कि यह दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगा। उन्होंने कहा कि लगभग छह वर्ष बाद सोनी सब पर वापसी उनके लिए घर लौटने जैसी है और वह इस जादुई सफर को दर्शकों के साथ साझा करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।