महोबा। उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में गुरुवार को एक युगल के शव पेड़ मे फांसी पर झूलते हुए पाए जाने से सनसनी फैल गई।
पुलिस उप अधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि सबुआ गांव के बाहर एक खेत की मेड में स्थित पेड़ पर झूलते शवों को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पेड़ से नीचे उतार कर अपने कब्जे मे लिया।
मृतक युवक की शिनाख्त सबुआ निवासी उपेंद्र विश्वकर्मा (25) के रूप में की गई है, लेकिन युवती को अभी तक पहचाना नहीं जा सका है। लोग उसके चरखारी के रायनपुर की निवासी मंजू कुशवाहा होने की चर्चा कर रहे हैं। घटना स्थल पर इसके साक्ष्य मे कोई वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन दोनों के एक साथ कॉलेज मे पढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि एक ही रस्सी के फंदे मे लटके मिले मृतकों को लोग प्रेमी जोड़ा मानते हुए उनके आत्महत्या कर लिए जाने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



