मुंबई। फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के नए ग्लिम्प्स ‘लेडीज़ एंड लेडीज़’ में अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत के दमदार और स्टाइलिश अवतार ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक रुक्मिणी के ‘मेलिसा’ किरदार की जमकर सराहना कर रहे हैं और उन्हें इस झलक का सबसे बड़ा आकर्षण बता रहे हैं।
‘कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1’ में अपने अभिनय से पहचान बना चुकी रुक्मिणी इस फिल्म में पहले से बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाई दे रही हैं। टीज़र में उनका ‘मेलिसा’ का किरदार रहस्यमयी, प्रभावशाली और खतरनाक नजर आता है। खासकर हाथ में बंदूक लिए उनका शांत लेकिन सशक्त लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिल्म की झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने रुक्मिणी के नए रूप की जमकर तारीफ की है। कई लोगों ने उनके इस परिवर्तन को शानदार बताया है, जबकि कुछ प्रशंसकों का कहना है कि ‘मेलिसा’ फिल्म की सबसे स्टाइलिश और प्रभावशाली किरदार साबित हो सकती है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में अभिनेता यश मुख्य भूमिका में हैं। बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही यह फिल्म पहले से ही अपनी अलग दुनिया और एक्शन के लिए चर्चा में है। ऐसे में रुक्मिणी वसंत की दमदार मौजूदगी ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
रुक्मिणी वसंत आने वाले समय में फिल्म ‘ड्रैगन’ में जूनियर एनटीआर के साथ भी नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट भी हैं, जिससे वह भारतीय फिल्म उद्योग की उभरती हुई प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल होती जा रही हैं।



