धार : कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों रुपए के नुकसान की आशंका

0

धार। मध्यप्रदेश में धार जिले के ग्राम बड़पुरा में मुख्य मार्ग स्थित एक कपड़ा शोरूम में आज सुबह भीषण आग लगने से कपड़ों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार अंसार खत्री के लिबास कपड़ा शोरूम में सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। सूचना मिलने पर दमकल दल और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की दुकानें और रिहायशी मकान इसकी चपेट में आने से बच गए।

अग्निकांड में शोरूम में रखा कपड़ों का स्टॉक, फर्नीचर, इंटीरियर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। आग की तपिश से शोरूम का अंदरूनी हिस्सा, दीवारें, छत और सीढ़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

नुकसान का आकलन किया जा रहा है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपए की क्षति होने का अनुमान है। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।