लॉस एंजेलिस में खुला नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड

0

लॉस एंजेलिस। भारतीय अभिनेता शाहरूख खान के सह स्वामित्व वाले नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के लॉस एंजेलिस (पोमोना के फेयरप्लेक्स) में अपना आधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया है। नाइट राइडर्स का यह क्रिकेट मैदान अब आधिकारिक तौर पर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट मैच मेजबानी कर चुका है।

लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स (एलएकेआर) और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए इस मुकाबले के साथ यह सिर्फ एक नए स्टेडियम की शुरुआत नहीं थी। यह अमेरिका में क्रिकेट के लिए एक स्थायी और विश्वस्तरीय घरेलू मैदान बनने की शुरुआत है।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किए गए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, एलएस को खिलाड़ियों और फैंस, दोनों को बेहतरीन क्रिकेटिंग अनुभव देने के लिए बनाया गया है। इस मैदान में मेन स्क्वायर पर आठ विकेट हैं, आईसीसी मानकों के मुताबिक प्लेइंग डाइमेंशन्स हैं और 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर्स लगाए गए हैं। वहीं, इस वर्ल्ड-क्लास क्रिकेट ग्राउंड को तैयार करने के लिए निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से ज्यादा मिट्टी हटाई गई।

नाइट राइडर्स ग्रुप के सह-मालिक शाहरुख खान ने कहा कि जो कभी एक सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजेलिस तक लाना हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक पल है। फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स के बीच यह लॉन्ग-टर्म पार्टनरशिप सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है।

हम एक ऐसी जगह बना रहे हैं, जो कम्युनिटी, एकजुटता, जोश और एंटरटेनमेंट का जश्न मनाएगी। यह सिर्फ खेल के लिए नहीं, बल्कि एंटरटेनमेंट, परिवारों और ऐसी यादों के लिए बनाई गई जगह है, जो हमेशा लोगों के साथ रहेंगी। हमें उम्मीद है कि यह लॉस एंजेलिस में क्रिकेट का नया घर बनेगा और आने वाली कई पीढ़ियों के फैंस और खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। यह लॉस एंजेलिस के लिए है, दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के लिए है और पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए है। पर्पल और गोल्ड में विश्वास रखें।

नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा, “नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, एल ए सिर्फ एक स्टेडियम नहीं, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को लेकर हमारे इरादों का प्रतीक है। दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बनकर अपना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाना नाइट राइडर्स ग्रुप के लिए गर्व का पल है।

यह इस बात को दिखाता है कि क्रिकेट के विकास के लिए वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर कितना जरूरी है। हमारी कोशिश थी कि हम ऐसा मैदान बनाएं, जहां खिलाड़ी खेलना पसंद करें, फैंस बार-बार आना चाहें और स्थानीय समुदाय इसे अपना क्रिकेटिंग होम मान सके।