पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बस के खाई में गिरने से 40 यात्रियों की मौत, 8 घायल

0

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में दक्षिण-पश्चिम प्रांत बलूचिस्तान के शेरानी ज़िले में शुक्रवार को एक यात्री बस के गहरी खाई में गिरने से कम से कम 40 यात्रियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के राजनीतिक एवं मीडिया मामलों के सहायक शाहिद रिंद ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान कई घायलों की मौत हो जाने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ गई।

इससे पहले, ज़िले के उपायुक्त हज़रत वली काकर ने बताया कि यह दुर्घटना शेरानी के धना सर इलाके में झोब-शेरानी राजमार्ग पर हुई। यह स्थान बलूचिस्तान के शेरानी ज़िले और उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान ज़िले की सीमा के पास है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों ज़िलों की पुलिस और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शवों तथा घायलों (जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे) को पास के अस्पतालों में पहुंचाया।

एक बचाव अधिकारी के अनुसार दुर्घटना पर्वतीय और दुर्गम इलाके में हुई और बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में दो घंटे से ज़्यादा का समय लगा। स्थानीय पुलिस ने बताया कि हादसे के समय बस बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर ज़िले की ओर जा रही थी और पर्वतीय इलाके में एक मोड़ पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया।

उपायुक्त ने बताया कि बस क्वेटा से 36 यात्रियों के साथ चली थी और रास्ते में कई और यात्रियों को भी उसमें बिठाया गया था। बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकार ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ ज़रदारी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और पीड़ितों तथा घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।