मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक किशोरी की उसके ही भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन की हत्या करके आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जाकिर कॉलोनी की ट्रांसफार्मर वाली गली निवासी परिवार में यह वारदात उस समय हुई, जब किशोरी अपने कमरे में सो रही थी। आरोप है कि उसका भाई आरिश कमरे में पहुंचा और नजदीक से उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे की ओर दौड़े और लहूलुहान हालत में पड़ी किशोरी को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी आरिश को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उससे घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बहन के कुछ युवकों से बातचीत करने को लेकर नाराज था। पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा मानते हुए मामले की हर दिशा से पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



