तेहरान। ईरान ने बुधवार को कहा कि उस पर अमरीकी हमलों के जवाब में कुवैत और बहरीन में अमरीकी ठिकानों पर हमला किया है।
अमरीका के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने मंगलवार रात कहा था कि अमरीका ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तीन वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में ईरान के खिलाफ सिलसिलेवार हमले शुरू किए हैं। सेंटकॉम ने बाद में बुधवार को कहा कि उसने अपना अभियान पूरा कर लिया है, जिसमें वायु रक्षा प्रणाली, जहाज-रोधी मिसाइल प्रणाली और छोटी नावों सहित 80 से अधिक ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
फार्स समाचार एजेंसी ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के एक बयान के हवाले से कहा कि इस आक्रामकता की शुरुआत में आईआरजीसी की नौसेना और वायुसेना ने एक संयुक्त अभियान चलाया और ड्रोन व मिसाइलों का उपयोग करके बहरीन में सलमान बंदरगाह पर अमरीकी नौसेना के पांचवें बेड़े के साथ-साथ कुवैत में अली अल सलेम हवाई ठिकाने पर हमला किया।
रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सेना ने एक अमरीकी एमक्यू-9 ड्रोन को भी मार गिराया है। इससे पहले, कुवैत की सेना ने कहा था कि देश की वायु रक्षा प्रणाली दुश्मन की मिसाइलों और ड्रोन को नष्ट कर रही है। सेना ने एक्स पर कहा कि कुवैती वायु रक्षा प्रणाली वर्तमान में दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन खतरों का जवाब दे रही है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने इससे पहले एक्स पर कहा कि सायरन बजा दिया गया है। नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया जाता है।



