पटना। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार बंटी के नामांकन वापस लेने की घोषणा के बाद नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव के लिए सात जुलाई को घोषित अभिषेक कुमार के स्थान पर नीरज कुमार सिन्हा के नाम को स्वीकृति प्रदान की है।
नीरज कुमार सिन्हा वर्तमान में नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने संगठन में बूथ अध्यक्ष, महामंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। नीरज कुमार सिन्हा का परिवार भी लंबे समय से जनसंघ की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के सक्रिय कार्यकर्ता थे।
एक अप्रत्याशित निर्णय के तहत बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने आज अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा की है। बंटी ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था।
बंटी ने आज बिहार भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इस आशय का एक पत्र सौंप दिया। इसके बाद भाजपा ने बंटी के स्थान पर सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा चुनाव के लिये उम्मीदवार बनाया है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। इस सीट के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा तथा मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के मुकाबले जनसुराज ने अपने सूत्रधार प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है। इस लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मुकाबले में खड़ा किया है जो पिछले चुनाव में इस सीट पर विजयी बने भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की निकटतम प्रतिद्वंद्वी थीं।



