बैंकॉक के बार में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, 22 की हालत गंभीर

0

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के मनोरम चतुचक जिले में रविवार देर रात एक बार में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 63 से अधिक घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घायलों को 16 अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
यह दुर्घटना रविवार रात 11.57 बजे लैट फ्राओ रोड पर सोई लैट फ्राओ-1 रोड के पास ‘रोंग बीयर ना लैट फ्राओ’ बीयर हॉल में हुई, जब वहां कई ग्राहक मौजूद थे। आपदा रोकथाम एवं शमन विभाग के अनुसार, सूचना मिलने पर दमकलकर्मी आधी रात के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग बार के मंच के पास से शुरू हुई और तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। आग लगते ही बिजली गुल हो गई और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते हुए बाहर भागते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों के कपड़ों में भी आग लगी हुई थी। अधिकांश शव शौचालय से बरामद हुए, जहां लोग आग और धुएं से बचने के लिए छिप गए थे।

बैंकॉक आपदा शमन विभाग की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने सोमवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसके बाद लोग धुएं और आग से बचने के लिए बाहर भागने लगे। संगीतकार के अनुसार कई लोग बाहर निकलने के बजाय इमारत के पिछले हिस्से में चले गए और शौचालय में छिप गए, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार एक राहगीर चालक ने आग की सूचना दमकल विभाग को दी थी।

बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने बताया कि छत पर लगी सजावट की वजह से आग तेज़ी से फैली। पीड़ितों ने जलते हुए प्लास्टिक से निकलने वाला ज़हरीला धुआं सांस के ज़रिए अंदर ले लिया। उन्होंने कहा कि पब के पास लाइसेंस था, यह एक मंज़िला कंक्रीट की इमारत में चल रहा था और वहां संगीत कार्यक्रम की भी इजाज़त थी। अप्रैल में इसका निरीक्षण हुआ था और यह उसमें पास हो गया था। बैंकॉक के गवर्नर ने वेटरों के हवाले से बताया कि आग लगने के समय अंदर करीब 300 ग्राहक मौजूद थे। आम तौर पर, इस पब में हर रात 600 से 700 लोग आते थे।

गवर्नर के मुताबिक आग छत के रास्ते सामने के दरवाज़े की तरफ़ फैली। इससे ग्राहक इमारत के पिछले हिस्से की ओर भागे, जहां आग से बचने के लिए रास्ते (फ़ायर एग्ज़िट) बने हुए थे। कुछ ग्राहक धुएं की वजह से भटककर गलती से शौचालय की तरफ़ भाग गए। कई लोग शौचालय और फ़ायर एग्ज़िट के सामने बेहोश हो गए, जिससे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे दूसरे ग्राहकों का रास्ता रुक गया।

बैंकॉक में आपदा रोकथाम और बचाव विभाग के निदेशक सुरियाचाई राविवान ने बताया कि कई लोगों के शौचालय में फंसे होने के कारण बचाव कर्मियों को उन तक पहुंचने में मुश्किल हुई। शुरुआत में छह शवों की पहचान की गई, जिनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं थीं। इनके नाम एपिनन पेंगसरी, पिसानु टेंगसोफा, सुविचा सिरिसालुंग, निपापोर्न जैमजैंग, अचरापोर्न सुथिसिन और कानोकटिप श्रीसुक हैं।

यह थाईलैंड में इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी आग की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व की घटनाओं के बाद अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के आश्वासन दिए गए थे, लेकिन उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।