मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के दहिसर इलाके में लिफ्ट के अंदर नाबालिग लड़की के सामने अश्लील हरकत करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दहिसर पुलिस के अनुसार यह घटना जन कल्याण नगर, शांति नगर इलाके की एक रिहायशी इमारत की लिफ्ट में हुई। आरोपी की पहचान नासिर अमीन पठान(27) के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना के दिन, आरोपी ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को घूरते हुए अश्लील इशारे किए।
लिफ्ट में मौजूद एक महिला ने यह हरकत देखी और शोर मचाया। उसने आरोपी का सामना किया और उसका वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी। इसके बाद, आरोपी कथित तौर पर आठवीं मंजिल से भाग गया। महिला ने डरी हुई लड़की को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया।
बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। लड़की के पिता की शिकायत पर दहिसर पुलिस ने मामला दर्ज किया और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नासिर अमीन पठान को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच चल रही है।



