मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति ज़हीर इक़बाल ने खुलासा किया है कि उनके रिश्ते को सबसे पहले अभिनेता सलमान खान ने पहचान लिया था, जबकि उस समय दोनों अपने प्यार को स्वीकार करने से बच रहे थे।
नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट के नए एपिसोड में सोनाक्षी और ज़हीर ने अपनी प्रेम कहानी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। दोनों ने बताया कि सलमान खान, जिन्होंने उनकी पहली मुलाकात करवाई थी, शुरू से ही समझ गए थे कि उनके बीच कुछ खास चल रहा है।
ज़हीर ने कहा कि सलमान खान को हमने बताने से पहले ही सब पता चल गया था। उन्हें पहले ही समझ आ गया था कि हमारे बीच कुछ चल रहा है। वहीं सोनाक्षी ने हंसते हुए कहा कि हम दोनों के बीच साफ़-साफ़ वाइब थी और सलमान इतने भी भोले नहीं हैं। उन्हें सब दिख रहा था।
जब भी वो मुझसे पूछते थे, हम दोनों इनकार कर देते थे और कहते थे कि ऐसा कुछ नहीं है। एक दिन उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आएगा जब तुम दोनों में झगड़ा होगा और दोनों मेरे पास रोने आओगे। मैं तुम दोनों से प्यार करता हूं और किसी एक का पक्ष नहीं लेना चाहता।
सोनाक्षी ने बताया कि उनके रिश्ते की पुष्टि तब हुई जब एक ट्रेकिंग ट्रिप के दौरान सलमान खान ने ज़हीर से केवल इतना कहा कि दिख रहा है सब। इसके बाद दोनों को एहसास हो गया कि उनकी केमिस्ट्री अब किसी से छिपी नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान सोनाक्षी और ज़हीर ने अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों, प्रेम कहानी के यादगार पलों और शादी तक के सफर को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि किस तरह दोस्तों और करीबियों ने उनके रिश्ते को शुरू से ही महसूस कर लिया था, जबकि वे खुद इसे सार्वजनिक करने से बचते रहे।



