वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सोमवार तड़के एक कंटेनर ट्रक के पलटने और अन्य ट्रक के कार को टक्कर मार देने के बाद आग लग गई जिससे छह लोगों की जलकर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाले समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हुई इस दुर्घटना के बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। इससे कार में सवार एक ही परिवार के 4 सदस्यों, ट्रक चालक और उसके सहयोगी की झुलसकर मौत हो गई।
शुरुआती जांच के अनुसार इससे पहले एथेनॉल से भरा एक टैंकर हादसे का शिकार हो गया था। इससे सड़क पर एथेनॉल फैल गया था। प्रशासन ने इसके बाद गाड़ियों को दूसरे रास्ते की तरफ मोड़ दिया था। रास्ता बदले जाने के दौरान पुणे से वर्धा जा रही एक कार को पीछे से आ रहे मिर्च से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। कार ट्रक के नीचे दब गई और दोनों गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं।
कार में सवार परिवार अपनी एक बेटी को पुणे छोड़कर वर्धा के सालोड गांव लौट रहा था, जहां उस बेटी ने एमबीए में दाखिला लिया था। मृतकों की पहचान राजेश टिपले, उनकी पत्नी सुषमा टिपले, उनकी बेटी जान्हवी टिपले और उनके ड्राइवर अंकुश लक्ष्मण राउत के रूप में हुई है। बाकी दो मृतकों की पहचान ट्रक ड्राइवर संजय कुमार और उसके हेल्पर समरजीत पाल के रूप में की गई है।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग के कर्मचारी और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। पलटे हुए टैंकर में अत्यधिक ज्वलनशील एथेनॉल था, इसलिए हाईवे को साफ करने से पहले ईंधन को वहां से सुरक्षित रूप से हटाया गया। इस दौरान मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग के ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर मोड़ दिया गया।



