ईरान का कुवैत, बहरीन में अमरीकी ठिकानों पर रडार एवं एयर डिफेंस सिस्टम तबाह करने का दावा

0

तेहरान। ईरान ने मंगलवार को कहा कि उसने कुवैत और बहरीन में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कई रडार प्रतिष्ठानों और एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम को तबाह करने का दावा किया है।

अमरीकी सशस्त्र बलों ने लगातार दसवीं रात ईरान पर हमले जारी रखे। सोमवार रात ईरानी मीडिया ने बताया कि बंदर अब्बास, बंदर-ए लेंगेह, सीरिक, चाबहार, कोनारक, इस्फहान, शिराज के साथ-साथ केश्म द्वीप पर भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने ईरानी सेना के हवाले से कहा कि एक घंटे पहले हमारे देश के विभिन्न हिस्सों पर हुए अमरीकी हमलों के जवाब में हमारी थल सेना ने सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल कर कुवैती कैंप आरिफ़जान स्थित अमरीकी सैन्य ठिकाने पर लगे हायमर्स सिस्टम पर हमला किया।

रिपोर्ट में आज बताया कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कुवैत स्थित अमरीकी अहमद अल जाबेर एयर बेस पर हमला कर कई रडार और एक पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम को तबाह कर दिया। यह भी बताया गया कि आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स ने बेस पर एक अमरीकी एयर डिफेंस अर्ली वार्निंग रडार, एक मिसाइल डिफेंस रडार, एक एएन/एफपीएस-117 रडार, एक पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम और एक सैटेलाइट कम्युनिकेशंस सिस्टम को निशाना बनाकर तबाह कर दिया।

आईआरजीसी ने कुवैत के अली अल सालेम एयर बेस पर अमरीकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन के हैंगर पर भी हमला किया, जिससे कई ड्रोन नष्ट हो गए या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके साथ ही आईआरजीसी ने बहरीन में अमरीकी ठिकानों पर हमला कर वहां एक अमरीकी रडार प्रतिष्ठान और पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स ने एलान किया है कि ऑपरेशन नस्र 2 के 24वें दौर के दौरान उसने एक साथ मिसाइल और ड्रोन से हमले किए, जिसमें मुहर्रक में एक अमरीकी रडार स्टेशन और रिफा में अमरीकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह तबाह हो गया।