डेविड वॉर्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने की बात स्वीकारी

0

सिडनी। सिडनी थंडर के कप्तान डेविड वॉर्नर शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने बताया कि उन्होंने ईस्टर संडे के दिन शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप को स्वीकार कर लिया है। वॉर्नर को बुधवार को वेवरली स्थानीय कोर्ट में पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी।

पांच अप्रैल को सिडनी में सड़क किनारे हुई शराब जांच में वॉर्नर का नमूना पॉजिटिव पाया गया था। पुलिस थाने में हुए दूसरे टेस्ट में पता चला कि उनके खून में शराब की मात्रा वैध सीमा से दोगुनी से भी अधिक थी।

हिल ने पहले कहा था कि उन्हें पता है कि उन्होंने जो किया वह गलत था। वह मानते हैं कि यह एक गैर-ज़िम्मेदाराना और बेवकूफी भरा फैसला था कि उन्होंने उबर लेने के बजाय अपनी कार चलाई। ईसा मसीह के पुनरुत्थान के दिन एक गिलास वाइन पीना कोई अपराध नहीं है। असल में, कुछ लोग तो इसे पूरी तरह से सही भी मानेंगे। उनका अपराध, जैसा कि मैंने कहा कि ‘प्लान बी’ के बजाय ‘प्लान ए’ जैसा बेवकूफी भरा फैसला चुनना था।

क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ली जर्मन ने वॉर्नर की गिरफ्तारी के बाद कहा था कि ये आरोप निश्चित रूप से गंभीर हैं और हम इन्हें बेहद गंभीरता से लेते हैं। क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में हम सुरक्षित ड्राइविंग के समर्थक हैं।

सिडनी थंडर, सिडनी सिक्सर्स और एनएडब्ल्यू ब्लूज, तीनों राज्य सरकार के ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ विरोधी अभियान का हिस्सा हैं। इस अभियान का उद्देश्य शराब पीकर गाड़ी चलाने से लोगों को रोकना है। वॉर्नर की गिरफ़्तारी उस समय हुई थी, जब वह पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी करने के दौरान ईस्टर के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटे थे।

हिल के अनुसार वॉर्नर को अपने किए पर पछतावा है और वह अदालत से नरमी की अपील करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि उनके साथ किसी भी अन्य नागरिक की तरह ही व्यवहार किया जाएगा। उनकी सजा पर फ़ैसला 18 अगस्त को सुनाया जाएगा।