इटावा। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन कॉलोनी में मेकअप आर्टिस्ट ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपने पति को भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया और अपने पति को निर्दोष बताया। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कोमल मिश्रा (26) के रूप में हुई है, जो अपने पति सौरभ द्विवेदी के साथ वृंदावन कॉलोनी में रहती थीं। कोमल ने ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त किया था और पेशे से मेकअप आर्टिस्ट थीं। वह कानपुर के कुछ सहयोगियों के साथ इवेंट ऑर्गनाइजिंग और मेकअप से जुड़े कार्य करती थीं।
आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में कोमल ने कहा कि कुछ लोगों ने उनका जीवन बर्बाद कर दिया है, जिसके कारण वह यह कदम उठाने को मजबूर हुई हैं। उन्होंने वीडियो में अपने पति के प्रति प्रेम व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी आत्महत्या के लिए उनके पति किसी भी प्रकार से जिम्मेदार नहीं हैं।
वीडियो में कोमल ने रूबी खान, शबीना खान, अक्षय, तेजिंदर और अभिषेक सिंह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये लोग लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों के कारण वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर रही हैं।
मृतका के पति सौरभ द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि जब वह घर पहुंचे तो कोमल कमरे में चादर के फंदे से पंखे पर लटकी मिलीं। पड़ोसियों की सहायता से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सौरभ का आरोप है कि कोमल के साथ काम करने वाले कुछ लोग शादी से पहले की कुछ बातों को लेकर लगातार उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे, जिससे वह अत्यधिक तनाव में थीं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पति द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।



