खैरथल-तिजारा। राजस्थान मेंं खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में खोहरी पहाड़ियों में बनी झील में एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिलशाद (17) पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी फकरुद्दीन, चौपानकी के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से लापता था।
थाना प्रभारी आसाराम ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि खोहरी पहाड़ी क्षेत्र की झील में एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव झील से बाहर निकलवाया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दिलशाद ग्वालदा स्थित एक मदरसे में पढ़ाई करता था और पिछले दो दिनों से घर से लापता था।
फिलहाल किशोर की मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसाराम ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



