रेप आरोपी महाराष्ट्र निवासी युवक मोहम्मद सादिक यूपी के रायबरेली से अरेस्ट

0

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गुरुबख्शगंज इलाके में पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में वांछित महाराष्ट्र निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और आपराधिक धमकी की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

पुलिस सूत्रों से रविवार को बताया कि गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि महाराष्ट्र के धुले जिला के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित अंसार नगर निवासी मोहम्मद सादिक पिछले करीब एक वर्ष से इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता को संदेश भेजकर परेशान कर रहा था।

आरोपी कथित तौर पर उसकी तस्वीरें संपादित कर उसके पति को भेजने की धमकी भी देता था। पीड़िता द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद भी वह नए-नए नंबरों से संपर्क करता रहा। आरोप है कि 19 जुलाई को आरोपी पीड़िता के गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया और मौका पाकर उसके घर में घुस गया, जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस ने बताया कि मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म और आपराधिक धमकी की धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद रविवार को गुरुबक्शगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रायबरेली-लालगंज राज मार्ग पर समसेर पूर्वा मोड़ के पास से आरोपी मोहम्मद सादिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।