हरारे। वैभव सूर्यवंशी (81) की आतिशी अर्धशतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 35 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे को मयंक यादव ने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद चौथे ओवर में यश ठाकुर ने तेजी से रन बनाने का प्रयास कर रहे डिओन मेयर्स (19) का शिकार कर लिया। इसी ओवर की अगली गेंद पर ठाकुर ने जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। आठवें ओवर में रवि बिश्नोई ने बेन करन (20) को आउट किया।
इसके बाद वेस्ली मधेवेरे और रायन बर्ल की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पांचवें विकेट के लिए 60 रन जोड़ कर जिम्बाब्वे की उम्मीदों को जिंदा रखने का प्रयास किया। 16वें ओवर में मयंक यादव ने वेस्ली मधेवेरे 25 गेंदों में (28) को आउट कर भारत को पांचवी सफलता दिलाई।
17वें ओवर की पहली गेंद पर अशोक शर्मा ने तडिवनाशे मारुमानी (एक) को बोल्ड कर जिम्बाब्वे को छठा झटका दिया। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मयंक यादव ने ब्रैड एवंस (14) रन को आउट कर अपना तीसरा विकेट लिया। जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी और मुकाबला 35 रनों से हार गई।
जिम्बाब्वे के लिए रायन बर्ल ने सर्वाधिक (नाबाद 54) रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में 43 गेंदों का सामना किया और चार चौके लगाये। भारत की ओर से मयंक यादव ने तीन विकेट लिये और यश ठाकुर को दो विकेट मिले। रवि बिश्नोई और अशोक शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने अभिषेक शर्मा (दो) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इशान किशन ने वैभाव सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े।
11वें ओवर में सिकंदर रजा ने इशान किशन का शिकार कर भारत को दूसरा झटका दिया। इशान किशन ने 28 गेंदों में चार चौकों की मदद से (29) रन बनाए। भारत का तीसरा विकेट 15वें ओवर में वैभव सूर्यवंशी के रूप में गिरा। वेस्ली मधेवेरे ने शतक की ओर बढ़ रहे वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। वैभव सूर्यवंशी ने 49 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (81) रनों की पारी खेली।
18वें ओवर की पहली गेंद पर ब्रैड एवंस ने कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट किया। श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों में दो चौकों की मदद से (27) रन बनाये। भारत ने निर्धारित 20 ओवरो में पांच विकेट पर 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने (नाबाद 11) रन बनाए। रिंकू सिंह पारी की आखिरी गेंद पर कैच आउट हुये। रिंकू सिंह ने 14 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए (25) रनों की पारी खेली।



