राजकोट। दुबई से मुंबई जा रहे इंडिगो के एक विमान को आग की चेतावनी के बाद राजकोट में आपात स्थिति में उतारा गया। विमान की राजकोट में सुरक्षित लैंडिंग हुई। इस उड़ान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मिलाकर कुल 194 लोग सवार थे।
राजकोट हवाई अड्डे से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई1452 दुबई से मुंबई जा रही थी। यह एयरबस का ए321 विमान है। रास्ते में चालक दल के सदस्यों को विमान के कार्गो वाले सेक्शन में धुएं का अलार्म मिला। इसके बाद विमान की पूर्ण आपात स्थिति में राजकोट हवाई अड्डे पर लैंडिंग कराई गई।
हवाई अड्डे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अपराह्न 2.45 बजे पूर्ण आपात स्थिति की घोषणा की गयी और 3.27 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। पूर्ण आपात स्थिति की तय प्रक्रिया के अनुसार हवाई अड्डे पर अग्निशमन दस्ता और मेडिकल टीम पूरी तरह मुस्तैद थी।
इंडिगो के सूत्रों ने बताया कि विमान की जांच की जा रही है और अभी यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि विमान में वाकई आग लगी थी या गलती से धुएं की चेतावनी मिली थी।



