बिहार में बांकीपुर उपचुनाव के लिए पहले 4 घंटे में 11.50 प्रतिशत मतदान

0

पटना। बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी मतदान के पहले चार घंटे में 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, 422 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और पहली बार मतदान करने वाले मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान में भाग ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान। लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। आइए, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

नवादा से भारतीय जनता पार्टी सांसद विवेक ठाकुर ने अपने पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर के साथ मतदान किया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक श्याम रजक, मंत्री रामकृपाल यादव तथा अशोक चौधरी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच भाजपा ने जनसुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश के आरोप लगाए हैं।

भाजपा के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र भेजकर मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने की मांग की है। उन्होंने प्रत्येक मतदाता के मूल ईपीआईसी कार्ड की जांच तथा मतदाता सूची से पहचान का मिलान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रति पटना के जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।

वहीं जनसुराज के सूत्रधार एवं उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बांकीपुर में भाजपा नहीं बल्कि पुलिस बल चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है तथा जनसुराज समर्थकों को बिना कारण हिरासत में लिया जा रहा है।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदान के बाद दावा किया कि बांकीपुर की जनता का भाजपा के साथ वर्षों पुराना जुड़ाव है और विकास कार्यों के आधार पर पार्टी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

राज्य सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने मतदान के बाद कहा कि राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदाताओं का उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा प्रचंड विजय की ओर बढ़ रही है।

जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। आठ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 16 जोनल दंडाधिकारी, 42 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र में तैनात किए गए हैं।

मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। निर्वाचन क्षेत्र के 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट से उनके इस्तीफे के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव में भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर समेत कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।