सरगुजा में छात्र को दंडस्वरुप अश्लील गालियां लिखवाने का आरोप, जांच के दिए निर्देश

0

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित एक निजी विद्यालय में एक शिक्षिका पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के नाम पर छात्र से अश्लील गालियां लिखवाने का आरोप लगा है। घटना बुधवार की बताई जा रही है घटना के गुरुवार को सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद संबंधित शिक्षिका ने एक छात्र को दंडस्वरूप कॉपी में कई पन्नों तक मां से जुड़ी अश्लील गालियां लिखने के लिए कहा। आरोप है कि छात्र से उक्त गालियां 100 बार लिखवाई गईं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले पर सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दिनेश कुमार झा ने कहा कि यह विषय मेरे संज्ञान में आया है। इसके लिए मैंने सहायक संचालक को जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट जैसे ही आएगी, उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया जो यह कृत्य है, वह निहायत ही गलत है। ऐसा बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए और विद्यार्थियों को ऐसे संस्कार कभी नहीं देने चाहिए। ऐसी गतिविधि कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। डीईओ के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अभिभावकों ने दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।