पेरू में विमान दुर्घटना में इटली के 7 नागरिकों समेत 13 की मौत

0

लीमा। पेरू में रविवार को एक पर्यटक विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार इटली के सात पर्यटकों सहित सभी 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि पेरू में हुए दर्दनाक विमान हादसे पर मुझे गहरा दुख है, जिसमें हमारे सात इतालवी नागरिकों ने भी अपनी जान गंवा दी। मैं इटली सरकार की ओर से और व्यक्तिगत रूप से, इस बेहद कठिन समय में उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार विमान ने पिस्को के मारिया रीचे हवाई अड्डे से प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल नाज़का के लिए उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क पूरी तरह टूट गया।

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक हादसे का शिकार हुए 13 लोगों में 11 विदेशी पर्यटक, एक पायलट और एक टूर गाइड शामिल हैं। मृतकों में इटली के सात नागरिकों के अलावा स्पेन के दो और जर्मनी के दो पर्यटक शामिल हैं।

यह दुर्घटना शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे हुई। हादसे की सटीक वजह का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि यह हादसा खराब मौसम के कारण हुआ। बीते कुछ घंटों में इलाके में बहुत तेज हवाएं और आंधी चली है, जिससे पेड़ उखड़ गए, इमारतों को नुकसान पहुंचा और कई इलाकों में उड़ानें रोकनी पड़ीं।

एयरोडियाना एयरलाइन का यह विमान विश्व प्रसिद्ध नाज़का लाइन्स का हवाई सर्वेक्षण कराने के लिए जा रहा था। नाज़का लाइन्स पेरू का एक बहुत ही मशहूर पर्यटन स्थल है, जहाँ जमीन पर उकेरी गई 13,000 से अधिक रेखाएं लगभग 800 विशाल आकृतियां बनाती हैं। इनमें कई तरह के जानवरों और जीवों के चित्र बने हुए हैं।

पेरू के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच के लिए राजधानी लिमा से विशेषज्ञों की एक टीम जल्द ही मौके पर पहुंचेगी। दमकल विभाग के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना कारवां 201बी था और इस हादसे में विमान में सवार किसी भी व्यक्ति के बचने की गुंजाइश नहीं रही।