भिण्ड में पेट्रोल पंप कर्मचारी पर गोली चलाने वाला आरोपी अरेस्ट

0

भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की उधारी को लेकर हुए विवाद में पेट्रोल पंप कर्मचारी के सिर में गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध देशी कट्टा तथा एक चले हुए कारतूस का खोखा बरामद किया गया है।

मेहगांव थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने बताया कि घायल वेदप्रकाश शर्मा (40) ग्राम कोंहार निवासी है और वह प्रदेश के नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के भाई दिनेश शुक्ला के पेट्रोल पंप पर कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार गांव निवासी ब्रह्मेश्वर पचौरी कुछ दिन पहले पेट्रोल पंप से 1700 रुपये का पेट्रोल उधार लेकर गया था। 2 अगस्त की शाम वह दोबारा पेट्रोल भरवाने पहुंचा, तब कर्मचारी वेदप्रकाश शर्मा ने उससे पुरानी उधारी की राशि मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसे वहां मौजूद कर्मचारियों ने शांत करा दिया।

पुलिस के अनुसार उसी रात करीब नौ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वेदप्रकाश शर्मा घर लौट रहा था। पेट्रोल पंप से लगभग 200 मीटर दूर ब्रह्मेश्वर पचौरी और उसके भाई ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि ब्रह्मेश्वर ने जान से मारने की नीयत से 315 बोर के देशी कट्टे से उसके सिर पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की सहायता से उसे मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। उसका उपचार जारी है। शर्मा ने बताया कि घायल की शिकायत पर मेहगांव थाने में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल तथा एसडीओपी संजय कोच्छा के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी ब्रह्मेश्वर पचौरी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध देशी कट्टा तथा एक चले हुए कारतूस का खोखा बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।