कॉकरोच जनता पार्टी ने किया राष्ट्रीय कार्यसमिति का ऐलान

0

छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने गुरुवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा की। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रीय कार्यसमिति ने पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रारंभिक राष्ट्रीय नेतृत्व सूची को मंजूरी दी है।

नई सूची में घोषित नामों में सभी की उम्र 35 वर्ष से कम है। घोषित सूची के अनुसार, अभिजीत दिपके (30) को पार्टी का संस्थापक एवं राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। आशुतोष रांका (30) और सौरव दास (27) को सह-संयोजक बनाया गया है।

अजिंक्य शिंदे (35) को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, दीपक बालियान (26) को संगठन सह-प्रभारी, आफरीन नवाज (34) को राष्ट्रीय सचिव, विजय रेड्डी मल्लांगी (30) को मीडिया प्रभारी, रत्ना सिंह (31) को विधि मामलों का प्रभारी, वैश्णवी गौर (29) को अनुसंधान एवं नीति प्रभारी, रोहन देशपांडे (31) को प्रौद्योगिकी प्रभारी और योगेश इंगले (33) को वित्त प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पार्टी ने क्षेत्रीय नेतृत्व की भी घोषणा की है। इसके तहत उत्तर क्षेत्र की जिम्मेदारी दीपक बालियान (26), दक्षिण क्षेत्र की जिम्मेदारी विजय रेड्डी मल्लांगी (30), पूर्व एवं पूर्वोत्तर क्षेत्रों की जिम्मेदारी अंकित भारद्वाज (35) तथा पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी योगेश इंगले (33) को सौंपी गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि अगले छह महीनों में देशभर में राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर पर समन्वय इकाइयों का गठन किया जाएगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि घोषित पदाधिकारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को कोई पद नहीं दिया गया है।

इस बीच, सीजेपी संस्थापक और अध्यक्ष दिपके ने कहा कि सभी नए नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई! भारत की 65 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है, इसलिए युवाओं की आवाज़ को अब नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यह युवा टीम देश की राजनीतिक चर्चा को बदलने और युवाओं को केंद्र में लाने की दिशा में काम करेगी।

उन्होंने कहा कि आइए हम विनम्र और ज़मीन से जुड़े रहें, क्योंकि सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हम वही न बन जाएं जिसके ख़िलाफ़ हम लड़ रहे हैं।