पूर्वी चंपारण में एक ही परिवार के महिला और 4 बच्चों समेत 5 लोगों की डूबकर मौत

0

मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बभनौली पंचायत के चौर स्थित मिट्टी खुदाई से बने जलभराव वाले गहरे गड्ढे से 35 वर्षीय सुशीला देवी, उनकी 11 वर्षीय पुत्री अमृता कुमारी, आठ वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार, छह वर्षीय पुत्री पम्मी कुमारी तथा चार वर्षीय पुत्र रवि कुमार के शव बरामद किए गए। सुशीला देवी बभनौली गांव निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी थीं।

सूत्रों के अनुसार गुरुवार को सुशीला देवी अपने चारों बच्चों के साथ घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की। शुक्रवार सुबह जलभराव वाले गड्ढे में पांचों के शव दिखाई देने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शवों को बाहर निकलवाया।

प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि मिट्टी की खुदाई से बने गहरे गड्ढे में भरे वर्षा के पानी में पहले कोई बच्चा फिसलकर डूब गया होगा और उसे बचाने के प्रयास में महिला सहित अन्य बच्चे भी पानी में समा गए। पुलिस द्वारा घटना की गहन जांच की जा रही है। जांच में दुर्घटना के साथ-साथ पारिवारिक कलह के पहलू को भी शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य तथा परिजनों एवं स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

घटना की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार दीक्षित और गोविंदगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।