मुंबई : पिता-पुत्र की कुछ दिनों पहले हत्या के बाद सील मकान में लगी भीषण आग

0

मुंबई। विक्रोली इलाके में कुछ दिनों पहले एक पिता और उनके बेटे की हत्या के बाद पुलिस की ओर से सील किये गये मकान में सोमवार सुबह आग लग गयी, जिससे पूरा परिसर जलकर खाक हो गया। पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते परिसर के भीतर दोनों पीड़ितों के शव मिलने के बाद मकान को सील कर दिया गया था।

आग सुबह के समय भड़की, जिसके बाद दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। बाद में लपटों पर काबू पा लिया गया। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट, किसी साजिश या सील कि गए परिसर के साथ संभावित छेड़छाड़ समेत विभिन्न आशंकाओं की जांच कर रही है।

जांच अधिकारी घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रहे हैं, इसलिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को लगी आग और पहले के दोहरे हत्याकांड के बीच अभी तक कोई संबंध स्थापित नहीं किया है।